रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान
जिलाधिकारी श्री ईशान प्रताप सिंह ने नागरिक सुरक्षा (सिविल डिफेंस) के स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाला समय देश एवं विश्व के लिए अनेक चुनौतियां लेकर आ सकता है। प्राकृतिक आपदाओं के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों से उत्पन्न होने वाली परिस्थितियां भी मानवीय संकट का कारण बन सकती हैं। ऐसे समय में मानवता की सेवा एवं राहत कार्यों में सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी।
जिलाधिकारी ने नागरिक सुरक्षा संगठन में चयनित चीफ वार्डन, डिप्टी चीफ वार्डन, स्टाफ ऑफिसर (वार्डन सेवा) तथा सेक्टर वार्डन पदों पर नियुक्त स्वयंसेवकों को बधाई देते हुए उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि समाज सेवा, आपदा प्रबंधन तथा जनसहयोग के क्षेत्र में नागरिक सुरक्षा संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है, जिसे समर्पण एवं अनुशासन के साथ निभाया जाना चाहिए।
जिलाधिकारी ने महादेवा मेले में स्वयंसेवकों द्वारा किए गए भीड़ प्रबंधन एवं जनसेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि स्वयंसेवक सेवा कार्यों के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने सुझाव दिया कि तहसील स्तर पर भी नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों का सशक्त नेटवर्क विकसित किया जाए, विशेषकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में। इससे आपदा संबंधी सूचनाएं, मौसम परिवर्तन की जानकारी तथा राहत एवं बचाव से जुड़े संदेश समयबद्ध रूप से आमजन तक पहुंचाए जा सकेंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर उपनियंत्रक नागरिक सुरक्षा श्रीमती अनीता प्रताप द्वारा जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। समाज सेवा एवं जनहित के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया।
शपथ ग्रहण करने वालों में चीफ वार्डन श्री नवीन सेठ, डिप्टी चीफ वार्डन श्री भूपेंद्र सिंह सैकी एवं श्री जतिन गुप्ता, स्टाफ ऑफिसर (वार्डन सेवा) श्री रत्नेश कुमार, श्री धर्मेंद्र कुमार वर्मा, श्रीमती शिवानी वर्मा, श्रीमती पूर्णिमा वर्मा एवं श्रीमती सरिता सिंह सहित 135 सेक्टर वार्डन शामिल रहे।कार्यक्रम के दौरान नागरिक सुरक्षा कार्यालय हेतु भूमि उपलब्ध कराए जाने का प्रस्ताव भी प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी श्री निरंकार सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सुश्री गुंजिता अग्रवाल, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, नागरिक सुरक्षा कार्यालय के श्री नीरज कुमार, श्री अंबरीश कुमार, श्रीमती प्रेमवती मौर्य सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों की उपस्थिति रही।










