जनपद जालौन के थाना आटा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अकबरपुर इटौरा निवासी एक युवक को कथित रूप से पेट्रोल डालकर आग लगाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक जालौन को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, ग्राम अकबरपुर इटौरा निवासी शाहजादे 7 मई 2026 को अपनी पत्नी सलमा को लेने उरई के जेल रोड स्थित रामकुंड क्षेत्र में अपनी ससुराल गए थे। आरोप है कि वहां पहले से चल रहे पैसों के विवाद को लेकर ससुराल पक्ष के लोगों ने उनके साथ मारपीट की और बाद में उन पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
परिजनों का कहना है कि घटना में शाहजादे गंभीर रूप से झुलस गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें पहले उरई अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर झांसी और बाद में कानपुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान उन्हें लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी में भी भर्ती कराया गया, जहां उनका लंबे समय तक उपचार चला।

पीड़ित के भाई जाविद ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद उन्होंने 13 मई को कोतवाली उरई में प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि उपचार के बाद डिस्चार्ज संबंधी दस्तावेज भी पुलिस को दिखाए गए, फिर भी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया।
प्रार्थना पत्र में ससुराल पक्ष के कई लोगों को नामजद करते हुए उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि एक माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद न्याय नहीं मिल पाया है, जिसके चलते उन्हें पुलिस अधीक्षक कार्यालय की शरण लेनी पड़ी।
अब देखना यह होगा कि पुलिस इस गंभीर आरोप की जांच कर क्या कार्रवाई करती है और पीड़ित परिवार को न्याय कब तक मिल पाता है।
ब्यूरो रिपोर्ट: शोभित पाण्डेय















