रिपोर्ट पी.एन. सिंह बाराबंकी।
बाराबंकी। बाराबंकी, गोंडा और बहराइच के हजारों यात्रियों के लिए राहत की खबर है। घाघरा पुल की मरम्मत का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है और यदि सब कुछ तय योजना के अनुसार रहा तो 5 जून से पुल को आम लोगों के लिए खोल दिया जा सकता है।

जानकारी के अनुसार, पिछले करीब दो महीनों से पुल पर विस्तार जोड़ों (ज्वाइंट्स) की मरम्मत और तकनीकी सुधार का कार्य चल रहा था। इस दौरान आवागमन प्रभावित होने से लोगों को लंबा वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ रहा था, जिससे समय और ईंधन दोनों की अतिरिक्त खपत हो रही थी।
अब मरम्मत कार्य लगभग पूरा होने के साथ पुल के जल्द चालू होने की उम्मीद बढ़ गई है। पुल के पुनः शुरू होने से बाराबंकी, गोंडा और बहराइच के बीच आवागमन पहले की तरह सुगम हो सकेगा तथा दैनिक यात्रियों, व्यापारियों और स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

विभागीय सूत्रों के अनुसार, अंतिम तकनीकी परीक्षण और औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद पुल को यातायात के लिए खोलने की घोषणा की जा सकती है। स्थानीय लोगों को भी लंबे समय से इस निर्णय का इंतजार था।
घाघरा पुल के पुनः संचालन से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था सामान्य होने के साथ-साथ लोगों की परेशानियां भी काफी हद तक कम होने की उम्मीद है।









