जमशेदपुर: हीमोफीलिया के आधुनिक उपचार पर सदर अस्पताल में सीएमई कार्यक्रम आयोजित

जमशेदपुर, 30 मई। पूर्वी सिंहभूम जिले के सदर अस्पताल में शनिवार को हीमोफीलिया विषय पर एक दिवसीय सीएमई (कंटीन्यूइंग मेडिकल एजुकेशन) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को हीमोफीलिया रोग के नवीनतम शोध, आधुनिक उपचार पद्धतियों और मरीजों के बेहतर प्रबंधन संबंधी जानकारियों से अवगत कराना था।

कार्यक्रम में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने हीमोफीलिया के निदान, उपचार एवं प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तृत जानकारी साझा की। विशेषज्ञों ने बताया कि चिकित्सा विज्ञान में लगातार हो रहे अनुसंधान और तकनीकी विकास के कारण हीमोफीलिया मरीजों के लिए अधिक प्रभावी, सुरक्षित एवं उन्नत उपचार उपलब्ध हो रहे हैं।

चिकित्सकों ने आधुनिक रिकॉम्बिनेंट फैक्टर थेरेपी, रोग की समय पर पहचान, जटिलताओं की रोकथाम तथा मरीजों के जीवन स्तर में सुधार के उपायों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्यकर्मियों एवं चिकित्सकों के लिए इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम अत्यंत आवश्यक हैं, जिससे वे चिकित्सा क्षेत्र की नवीनतम जानकारियों से निरंतर अपडेट रह सकें और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर सकें।

कार्यक्रम के दौरान यह जानकारी दी गई कि झारखंड के सभी हीमोफीलिया डे-केयर केंद्रों में आधुनिक ईएचएल (एक्सटेंडेड हाफ-लाइफ) रिकॉम्बिनेंट फैक्टर उपलब्ध कराए गए हैं। सदर अस्पताल में भी ईएचएल रिकॉम्बिनेंट फैक्टर-8, फैक्टर-9 तथा फैक्टर-7ए की सुविधा उपलब्ध है, जिससे हीमोफीलिया मरीजों को अत्याधुनिक उपचार सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।

इस अवसर पर सदर अस्पताल एवं पूर्वी सिंहभूम जिले के चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और स्वास्थ्यकर्मी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण एवं मरीज-केंद्रित बनाने के लिए अपने सुझाव भी साझा किए।

पूर्वी सिंहभुम जमशेदपुर से मंडल ब्यूरो हेड बृजराज सिंह की रिपोर्ट जी भारत न्यूज़।

 

Leave a Comment