बलिया, भीमपुरा। बलिया जिले के भीमपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बरौली बाजार में सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 60 वर्षीय वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद अनियंत्रित स्कॉर्पियो सड़क किनारे स्थित एक मिठाई की दुकान में घुस गई, जिससे दुकान को भी भारी नुकसान पहुंचा।
जानकारी के अनुसार, बरौली बाजार निवासी शिवशंकर राजभर (60 वर्ष) प्रतिदिन की तरह सुबह अपने खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान किडिहरापुर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शिवशंकर राजभर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और स्कॉर्पियो सड़क किनारे स्थित मुन्नू प्रसाद की मिठाई की दुकान में जा घुसी। इससे दुकान का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। सूचना पर पहुंची भीमपुरा पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया तथा वाहन को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय बलिया भेज दिया है। घटना के बाद पूरे बरौली बाजार में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन अब तक प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
रिपोर्ट: सुधीर कुमार ठाकुर, जी भारत न्यूज़ बलिया।









