रिपोर्ट, स्टेट प्रभारी अनूप श्रीवास्तव जी भारत न्यूज़।
कदमा, जमशेदपुर | शनिवार, 16 मई 2026
भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच डीबीएमएस कॉलेज ऑफ एजुकेशन के रोटरेक्ट क्लब द्वारा शनिवार को कदमा स्थित एक पेट्रोल पंप परिसर में सेवा कार्य का आयोजन किया गया। पेट्रोल की किल्लत के कारण पेट्रोल पंप पर लंबी कतार में खड़े वाहन चालकों, राहगीरों एवं आम लोगों के बीच क्लब के सदस्यों ने ठंडा रसना वितरित कर उन्हें गर्मी से राहत पहुँचाने का प्रयास किया।

इस अवसर पर रोटरेक्ट क्लब के सदस्यों ने पूरे उत्साह और सेवा भावना के साथ लोगों को ठंडा पेय पिलाया। भीषण गर्मी में लंबे समय तक लाइन में इंतजार कर रहे लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कॉलेज परिवार एवं रोटरेक्ट क्लब के प्रति आभार व्यक्त किया।
यह कार्यक्रम कॉलेज प्रबंधन एवं महाविद्यालय की प्राचार्या के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कॉलेज प्रबंधन ने रोटरेक्ट क्लब के इस सामाजिक प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूक होना चाहिए।

महाविद्यालय की प्राचार्या ने कहा कि मानव सेवा सबसे बड़ा धर्म है तथा इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में सेवा भावना, सहयोग और सामाजिक संवेदनशीलता को विकसित करते हैं। उन्होंने सफल आयोजन के लिए रोटरेक्ट क्लब के सभी सदस्यों को बधाई दी।
कार्यक्रम में कॉलेज के शिक्षकगण, रोटरेक्ट क्लब के सदस्य एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। पूरे आयोजन का वातावरण सेवा, सहयोग और मानवता की भावना से ओत-प्रोत रहा।









