रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान जी भारत न्यूज़।
पूर्ण परियोजनाओं को शीघ्र हस्तगत करने, पर्यटन एवं स्टेडियम निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
बाराबंकी, 12 मई 2026। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित लोकसभागार में जिलाधिकारी श्री ईशान प्रताप सिंह ने मुख्य विकास अधिकारी श्री अन्ना सुदन के साथ जनपद में संचालित ₹50 लाख से अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक की।

जिलाधिकारी ने परियोजनावार प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं मानक अनुरूप पूर्ण किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनावश्यक विलंब अथवा अधोमानक सामग्री के उपयोग की पुष्टि होने पर संबंधित अधिकारियों एवं अभियंताओं के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे नियमित स्थलीय निरीक्षण कर कार्यो की गुणवत्ता व प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं को शीघ्र हस्तगत कर उनका संचालन जनहित में प्रारंभ कराया जाए। इस दौरान अवगत कराया गया कि जनपद में कुल 67 परियोजनाओं का कार्य पूर्ण हो चुका है, जिनमें से 41 परियोजनाएं हस्तगत की जा चुकी हैं, जबकि 15 परियोजनाओं पर समिति द्वारा भ्रमण किया जा चुका है तथा शेष 11 परियोजनाओं में समिति भ्रमण उपरांत हस्तगत की कार्रवाई की जाएगी। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समस्त प्रक्रियाएं शीघ्र पूर्ण कराते हुए परियोजनाओं को तत्काल हस्तगत कराने के निर्देश दिए।
बैठक में बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित रहने पर अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि बड़े प्रोजेक्ट्स के अतिरिक्त जनपद में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों, अन्नपूर्णा भवनों तथा प्रोजेक्ट अलंकार के अंतर्गत विद्यालयों में कराए जा रहे कार्यों की भी नियमित समीक्षा एवं औचक निरीक्षण किया जाए, ताकि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण हो सकें।
उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कारपोरेशन लिमिटेड द्वारा जनपद के विभिन्न मंदिरों में कराए जा रहे पर्यटन विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान अपेक्षित प्रगति न मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित संस्था को नोटिस जारी करने तथा कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। वहीं कार्यदायी संस्था यूपीआरएनएन द्वारा सहर स्थित स्टेडियम में कराए जा रहे निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर भी असंतोष व्यक्त करते हुए निर्देशित किया कि स्टेडियम के मैदानी भाग का कार्य तीव्र गति से पूर्ण कराया जाए, ताकि खिलाड़ियों के उपयोग हेतु इसे शीघ्र खोला जा सके।
बैठक के दौरान जिन प्रमुख निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा की गई, उनमें जिला चिकित्सालय में 50 शैय्या क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल का निर्माण कार्य, अवसानेश्वर महादेव मंदिर का पर्यटन विकास कार्य, ग्राम सिल्हौर में लालेश्वर शिव मंदिर का पर्यटन विकास कार्य, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी पद्मश्री बाबू केडी सिंह के पैतृक आवास को स्मृति संग्रहालय बनाए जाने का कार्य, बनीकोडर, सिरौलीगौसपुर एवं नवाबगंज में निर्माणाधीन आईटीआई भवन, राजकीय पॉलिटेक्निक बाराबंकी में छात्रावास निर्माण, सतरिख की राजकीय पौधशाला, जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय तीरगांव में ट्रांजिट हॉस्टल, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना अंतर्गत सरकारी कृषि फार्म, जीजीआईसी देवा, डायट गणेशपुर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में फाउंडेशन कार्य, बनीकोडर स्थित बुढ़वाबाबा मंदिर में कराए जा रहे कार्य तथा थाना जैदपुर, सतरिख, आरएस घाट, देवा एवं मसौली के निर्माण कार्य सहित अन्य समस्त परियोजनाएं शामिल रहीं।
बैठक में जॉइंट मजिस्ट्रेट श्री विद्यांशु शेखर झा, डीडीओ,परियोजना निदेशक डीआरडीए, लोक निर्माण विभाग, जल निगम, बाढ़ खंड, नेडा, शिक्षा विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।










