बाराबंकी: थाना समाधान दिवस में अधिकारियों ने मौके पर जाकर निस्तारण पर दिया जोर

रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान जी भारत न्यूज़।

*थाना समाधान दिवस में डीएम व एसपी ने सुनी जनसमस्याएं*

 

*भूमि विवादों के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं मौके पर जाकर निस्तारण के निर्देश*

 

बाराबंकी, 09 मई 2026। थाना समाधान दिवस के अंतर्गत जिलाधिकारी श्री ईशान प्रताप सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री अर्पित विजयवर्गीय ने थाना सफदरगंज पहुंचकर आमजन की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों/कर्मचारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत लंबित एवं प्रमुख भूमि विवादों को चिन्हित करते हुए आपसी समन्वय के साथ मौके पर जाकर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।

*राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर भेजकर निस्तारण के निर्देश*

 

थाना समाधान दिवस के दौरान प्राप्त विभिन्न प्रार्थना पत्रों के संबंध में अधिकारी द्वय द्वारा राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीमों को मौके पर भेजकर प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए। इस क्रम में जाटा बरौली निवासी सुमित्रा उर्फ कंचना एवं रसौली निवासी रामहेत के मध्य विवाद, तिवारी का पुरवा निवासी आरती तिवारी एवं सरोज तिवारी के मध्य विवाद, अम्बौर निवासी शिवाकर एवं रमेश कुमार से संबंधित प्रकरण तथा पंडरा निवासी निर्भय सिंह एवं दारा सिंह के मध्य विवाद के संबंध में मौके पर जाकर जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही निस्तारण आख्या निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

*पूर्व समाधान दिवसों के प्रकरणों की समीक्षा एवं फीडबैक*

 

इस अवसर पर पूर्व के थाना समाधान दिवसों में प्राप्त प्रार्थना पत्रों के निस्तारण की भी समीक्षा की गई। अधिकारी द्वय द्वारा निस्तारण आख्या का अवलोकन करते हुए दूरभाष के माध्यम से आवेदकों से संवाद कर फीडबैक प्राप्त किया गया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण पूरी पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि का विशेष ध्यान रखा जाए।

 

इस दौरान जॉइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम नवाबगंज सुश्री गुंजिता अग्रवाल, तहसीलदार नवाबगंज श्री भूपेंद्र विक्रम सिंह, प्रभारी निरीक्षक थाना सफदरगंज सहित अन्य संबंधित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment