रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान जी भारत न्यूज़ ।
संरक्षण, गेहूं खरीद, शैक्षिक व्यवस्था व निर्माण कार्यों को गुणवत्ता व समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश
बाराबंकी, 01 मई। जनपद में संचालित विकास परियोजनाओं की गुणवत्ता एवं प्रगति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री ईशान प्रताप सिंह द्वारा लगातार औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण कर उन्होंने व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया, संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा जनहित से जुड़ी योजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

*गौ आश्रय स्थल कंधईपुर में व्यवस्थाएं सुदृढ़ रखने के निर्देश*
निरीक्षण के क्रम में सर्वप्रथम तहसील रामसनेही घाट अंतर्गत कंधईपुर स्थित गौ आश्रय स्थल पहुँचकर गौवंशों हेतु उपलब्ध भूसा, हरा चारा एवं साइलेज की व्यवस्था का जायजा लिया गया। जिलाधिकारी ने सभी व्यवस्थाएं समुचित एवं सतत उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने गौवंशों को गुड़ व चना खिलाकर संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता का संदेश भी दिया।
*बृहद गौ संरक्षण केंद्र सनौली का कार्य शीघ्र पूर्ण कर संचालन प्रारंभ करने के निर्देश*

अगले चरण में जिलाधिकारी सनौली स्थित निर्माणाधीन बृहद गौ संरक्षण केंद्र का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति जानी गई। उन्होंने हैंडओवर प्रक्रिया तत्काल प्रारंभ कर 15 दिनों के भीतर पूर्ण करने तथा केंद्र का संचालन सुचारु रूप से प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। साथ ही परिसर में वृक्षारोपण, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं समयबद्ध पूर्ण करने को कहा।
*कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में साफ-सफाई व शैक्षिक गुणवत्ता सुधारने के निर्देश*

विकासखंड बनीकोडर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया गया। साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक न पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। कंप्यूटर कक्ष में छात्राओं से कंप्यूटर संचालित कराकर उनकी दक्षता का परीक्षण किया गया तथा शैक्षिक गुणवत्ता सुदृढ़ करने पर बल दिया गया। इस दौरान उन्होंने पेरिसर में नव निर्मित छात्रावास व एकेडमिक ब्लाक का निरीक्षण कर फिनिशिंग के कार्यो को बेहतर ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस दौरान उपजिलाधिकारी राम सनेहीघाट श्री अनुराग सिंह अन्य सम्बन्धित उपस्थित रहे।
*गेहूं क्रय केंद्र पहुँचने वाले सभी किसानों की खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश*
अगले चरण में जिलाधिकारी ने मंडी सफदरगंज का निरीक्षण कर गेहूं खरीद व्यवस्था की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष खरीद की स्थिति एवं उपलब्ध संसाधनों की जानकारी प्राप्त कर निर्देशित किया कि केंद्र पर आने वाले प्रत्येक किसान की उपज की खरीद सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रखने तथा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
*स्पोर्ट्स स्टेडियम में मैदान के निर्माण कार्य इस माह पूर्ण कर आमजन हेतु खोलने के निर्देश*
अंत मे शहर स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रहे निर्माण कार्यों का जिलाधिकारी ने औचक निरीक्षण कर प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण निगम के पी0एम0 को निर्देशित किया कि मैदान से संबंधित कार्य इस माह प्रत्येक दशा में पूर्ण कर आम नागरिकों एवं खिलाड़ियों के लिए शीघ्र खोल दिया जाए, जिससे उन्हें हो रही असुविधा समाप्त हो सके। साथ ही उन्होंने निर्देशित किया कि शेष निर्माण कार्यों को तीव्र गति से, निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराया जाए तथा कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही अथवा गुणवत्ता में कमी पाई गई तो संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।









