प्रतापगढ़ जिले के मान्धाता ब्लॉक के निवासी सोहैल खान ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में जगह बनाकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनके चयन की खबर मिलते ही गांव और आसपास के इलाकों में खुशी की लहर दौड़ गई। परिवारजनों, रिश्तेदारों और इष्ट मित्रों ने उन्हें बधाइयाँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सोहैल खान के पिता, जो पेशे से चालक (ड्राइवर) हैं, ने भावुक होते हुए बताया कि यह सफलता उनके बेटे की कड़ी मेहनत और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विशेष रूप से सोहैल के मामा के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी मेहनत और मार्गदर्शन ने सोहैल को इस मुकाम तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है।
गांव के लोगों ने भी सोहैल की उपलब्धि पर गर्व जताया और कहा कि उनकी सफलता से क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी प्रेरणा मिलेगी। स्थानीय लोगों का मानना है कि सीमित संसाधनों के बावजूद सोहैल ने जो मुकाम हासिल किया है, वह वास्तव में सराहनीय है।
सोहैल खान की इस उपलब्धि पर क्षेत्र में जश्न का माहौल है और लोग इसे मान्धाता ब्लॉक के लिए एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देख रहे हैं।
रिपोर्ट: निखिल शुक्ला, जी भारत न्यूज़।










