रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान जी भारत न्यूज़।
गांवों की स्वच्छता, महिला समूहों की निगरानी व गौशालाओं के सुदृढ़ संचालन पर विशेष जोर
फैमिली आईडी निर्माण में तेजी के निर्देश, प्रत्येक ब्लॉक में प्रतिदिन 100 आईडी बनवाना अनिवार्य
बाराबंकी, 16 अप्रैल। जिलाधिकारी श्री शशांक त्रिपाठी ने मुख्य विकास अधिकारी श्री अन्ना सुदन सहित जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ लोकसभागार में ग्राम विकास विभाग, पंचायती राज, गोशालाओं एवं जिला स्वच्छता समिति की योजनाओं की समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने महिला स्वयं सहायता समूहों के संचालन की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जहां भी अनियमितता पाई जाए, वहां तत्काल सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक ब्लॉक में प्रतिदिन न्यूनतम 100 फैमिली आईडी बनवाना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए, जिससे लाभार्थीपरक योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हो सके।
निर्माणाधीन अन्नपूर्णा भवनों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराया जाए। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) एवं आवास योजना के कार्यों में भी तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
गौशालाओं के सुदृढ़ संचालन पर विशेष जोर

गौशालाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी गौ आश्रय स्थलों पर पर्याप्त मात्रा में हरा चारा, साइलेज एवं भूसा उपलब्ध रहे। वर्तमान मौसम को देखते हुए लू से बचाव हेतु समुचित प्रबंध किए जाएं। उन्होंने कहा कि गोवंशों के स्वास्थ्य का नियमित सर्वे कर आवश्यक उपचार सुनिश्चित किया जाए तथा सभी अभिलेख अद्यतन रखे जाएं।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि गोशालाओं में सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए तथा संबंधित अधिकारियों द्वारा नियमित निरीक्षण कर कमियों को समयबद्ध रूप से दूर कराया जाए।
पंचायती राज विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने गांवों में स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। नालियों की नियमित सफाई, जल निकासी की समुचित व्यवस्था तथा अधूरे शौचालयों के निर्माण को शीघ्र पूर्ण कराने पर जोर दिया गया। साथ ही लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक के दौरान जिला विकास अधिकारी, पीडी डीआरडीए सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।










